एक्शन: महिला को आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
रुद्रपुर(आरएनएस)। महिला आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर महिला को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने और इसके लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराने का आरोप है। मृतका के मोबाइल में घटना वाले दिन की छह ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिली हैं, जिन्हें पुलिस ने विवेचना में अहम कड़ी माना है। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को सरस्वती आग की लपटों से झुलस गई थी। उपचार के दौरान 19 अगस्त को एम्स ऋषिकेश में उसकी मौत हो गई थी। सरस्वती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर की गई विवेचना के आधार पर पुलिस ने पवित्र सरकार उर्फ कन्हई और जितेंद्र उर्फ बंकिम सरकार को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि चार वर्ष के प्रेम प्रसंग के बाद पवित्र सरकार सरस्वती से पीछा छुड़ाना चाहता था और उससे बातचीत बंद कर दी थी। वहीं, जितेंद्र सरस्वती को पसंद करता था और उससे विवाह करना चाहता था। सरस्वती उसे केवल दोस्त मानती थी और पवित्र से प्रेम करती थी। जितेंद्र चाहता था कि किसी भी तरह दोनों अलग हो जाएं। इसी उद्देश्य से उसने दोनों के बीच विवाद कराने की योजना बनाई। विवेचना में सामने आया कि 11-12 अगस्त के आसपास सरस्वती ने जितेंद्र से पेट्रोल की व्यवस्था करने को कहा था। 15 अगस्त को दोनों के बीच लगातार फोन पर बातचीत हुई। जितेंद्र ने पेट्रोल उपलब्ध कराने की सहमति दी। पुलिस को सरस्वती के मोबाइल से घटना वाले दिन जितेंद्र के साथ हुई छह ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलीं। इनमें पेट्रोल की व्यवस्था करने, बोतल में पेट्रोल भरने, लाइटर साथ रखने और तत्काल मिलने संबंधी बातचीत सामने आई। पुलिस के अनुसार जितेंद्र ने सरस्वती को पेट्रोल उपलब्ध कराया था, जिसके बाद उसने पवित्र के टेम्पो में बैठकर खुद को आग लगा ली। पुलिस टीम में कोतवाल सुंदरम शर्मा, विवेचक एसएसआई जावेद मलिक, मतलूब खान, जगदीश सिंह कोठियाल, कृष्ण चंद्र और प्रेम कनवाल शामिल रहे।

