कामयाबी: पुलिस ने किया मोबाइल स्नेचिंग की वारदात का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
नशे की लत और जरूरतें पूरी करने के लिए वारदात को दिया था अंजाम, छीना गया मोबाइल बरामद
देहरादून(आरएनएस)। पटेलनगरकोतवाली क्षेत्र में मोबाइल स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे व अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए उन्होंने स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को भानियावाला निवासी हिमानी ने पटेलनगर थाने में तहरीर दी थी कि ग्रास फार्म, आईएसबीटी के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और पूर्व में ऐसी घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस के प्रयासों के बाद 13 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर आर्मी ग्राउंड, चंद्रबनी चौक के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान रिहान (18) निवासी मेहूंवाला माफी, तेलपुर चौक और सलमान (19) निवासी मेहूंवाला, तेलपुर चौक, पटेलनगर के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे सहित अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए मोबाइल छीना था। दोनों आरोपी छीने गए मोबाइल को बेचने की फिराक में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त यूपी-11-सीएक्स-4920 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में पुलिस टीम में एएसआई सर्वेश कुमार, कांस्टेबल संदीप कुमार और कांस्टेबल पंकज रावत शामिल रहे।

