शिकंजा: नाबालिग लड़की के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: नाबालिग लड़की के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
Spread the love
अपहृता देहरादून से सकुशल बरामद
मोरी/उत्तरकाशी। मोरी थाना क्षेत्र में नाबालिगा के अपहरण और दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसे देहरादून से सकुशल बरामद कर लिया है। मोरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में नाबालिगा से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को नाबालिगा के पिता ने थाना मोरी में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।
मामला नाबालिग से जुड़ा और संवेदनशील होने के कारण पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने पुलिस अधिकारियों को नाबालिगा की जल्द बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद मामले के खुलासे के लिए पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई।
सीसीटीवी और सर्विलांस से जुटाए सुराग
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस सिस्टम और मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से नाबालिगा की गतिविधियों और संभावित आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।
लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 10 सितंबर 2026 को नालापानी चौक, देहरादून से नाबालिगा को सकुशल बरामद कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने उसके अपहरण एवं दुष्कर्म के आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आए तथ्यों के बाद बढ़ीं धाराएं
पुलिस के अनुसार, गवाहों के बयान और जांच के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ) की बढ़ोतरी की गई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी पुरोला गांव, हाल निवासी आर्यनगर, देहरादून, उम्र 20 वर्ष के रूप में की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Parvatanchal