धोखाधड़ी: जमीन दिलाने का झांसा देकर 32.30 लाख रुपए की ठगी के आरोप में केस दर्ज
हरिद्वार(आरएनएस)। ज्वालापुर कोतवाली में कनखल निवासी एलआईसी कर्मचारी ने तीन लोगों पर जमीन दिलाने और महज एक माह में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 32.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है पुलिस के अनुसार, अमित कुमार राठौर पुत्र योगेंद्र पाल सिंह राठौर निवासी सिंहद्वार कनखल ने शिकायत पत्र देकर बताया कि मार्च 2024 के आसपास उसकी मुलाकात संजय कश्यप निवासी रोशनपुरी रावली महदूद और संजय मेहरा उर्फ संजय कश्यप से हुई थी।आरोप है संजय मेहरा फर्जी नाम पंकज मेहरा बता कर मिला था। दोनों आरोपियों ने अमित को टिडोली नकुड़ सहारनपुर निवासी कौशर पुत्री यासीन से मिलवाया और 35 बीघा जमीन का मालिक बताते हुए 25 लाख रुपये प्रति बीघा में सौदा कराने का झांसा दिया। साथ ही आरोपियों ने दावा किया कि जमीन को एक माह बाद सौर ऊर्जा प्लांट लगाने वाली पार्टी को 35 लाख रुपये प्रति बीघा में बेच कर लाभ कराया जाएगा। पीड़ित के मुताबिक उसने परिजनों और परिचितों से रुपये जुटाने के साथ सोने के आभूषण गिरवी रखकर 32.30 लाख रुपये आरोपियों के माध्यम से कौशर को दिए। रजिस्ट्री की बात करने पर आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में मोबाइल बंद कर दिए। कौशर ने भी फोन काटकर नंबर ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने शिकायत में आरोपियों के खिलाफ पूर्व में दर्ज कई मुकदमों का भी हवाला दिया है। वहीं एसएचओ चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दि गई है।

