शिकंजा: सीसीटीवी से मिला सुराग, बिजनौर से सकुशल बरामद हुई गुमशुदा नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: सीसीटीवी से मिला सुराग, बिजनौर से सकुशल बरामद हुई गुमशुदा नाबालिग, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

 

कोटद्वार। नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाने के मामले में पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस और सीआईयू टीम ने उत्तराखंड से उत्तर प्रदेश तक सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।
कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति ने दो सितंबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल पा रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं.-205/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने नाबालिग की सकुशल बरामदगी और घटना के वास्तविक तथ्यों का पता लगाने के निर्देश दिए।
निर्देशों के बाद कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू टीम ने घटनास्थल तथा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। जांच के दौरान एक फुटेज में नाबालिग एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाती दिखाई दी। मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट नहीं था और युवक समेत दोनों के चेहरे ढके हुए थे, जिससे पुलिस के सामने चुनौती और बढ़ गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने सर्विलांस, पतारसी और सुरागरसी के जरिए जांच जारी रखी।
पुलिस ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम को नगीना क्षेत्र में नाबालिग के होने की जानकारी मिली। इसके बाद आजाद कॉलोनी, नगीना, जनपद बिजनौर से नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी रोहित पुत्र वीरेन्द्र उर्फ बिन्दा, निवासी ग्राम ढकिया, थाना नगीना देहात, जनपद बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। उसका वर्तमान पता आजाद कॉलोनी, नगीना बताया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन, अपर उपनिरीक्षक अहसान अली सीआईयू कोटद्वार, कांस्टेबल चन्द्रपाल, कांस्टेबल सितान्शु सीआईयू कोटद्वार, होमगार्ड कुलदीप और महिला होमगार्ड सपना रावत शामिल रहे।

Parvatanchal