दुखद: बुआखाल-रामनगर हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बोलेरो; बैंक मैनेजर की मौत

दुखद: बुआखाल-रामनगर हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बोलेरो; बैंक मैनेजर की मौत
Spread the love

 

पौड़ी। बुआखाल-रामनगर हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एसबीआई पाबौ शाखा के बैंक प्रबंधक की मौत हो गई। पाबौ से पौड़ी लौट रहे बैंक मैनेजर की बोलेरो अनियंत्रित होकर हाईवे से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और फायर यूनिट ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के अनुसार, एसबीआई पाबौ शाखा के बैंक प्रबंधक संजीव किलानिया (50) शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपने निजी वाहन से पाबौ से पौड़ी के लिए रवाना हुए थे। वह पौड़ी में परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे। देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाबौ पुलिस के साथ पौड़ी कोतवाली पुलिस और फायर यूनिट की टीम ने हाईवे और आसपास के जंगलों में तलाश शुरू की। रात करीब ढाई बजे पाबौ और मांडाखाल के बीच जंगल क्षेत्र में सड़क से नीचे एक बोलेरो दिखाई दी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तो वाहन करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला। वाहन में बैंक मैनेजर संजीव किलानिया मृत अवस्था में मिले।
पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक संजीव किलानिया मूल रूप से सेक्टर-10, गुरुग्राम, हरियाणा के निवासी बताए गए हैं। हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी जांच की जा रही है।
बुआखाल-रामनगर हाईवे पर रात के समय दुर्घटनाग्रस्त वाहन का समय पर पता नहीं चल पाना एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर रात के सफर की चुनौतियों को सामने लाता है। गहरी खाई में वाहन गिरने के कारण हादसे की जानकारी काफी देर बाद मिल सकी। परिजनों की सूचना के बाद शुरू हुई पुलिस की तलाश से वाहन का पता लगाया जा सका।

Parvatanchal