सख़्त एक्शन: गो हत्या और नशा तस्करी के आरोपियों के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर

सख़्त एक्शन: गो हत्या और नशा तस्करी के आरोपियों के अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर
Spread the love

 

हिस्ट्रीशीटरों और गुंडा एक्ट में निरुद्ध अपराधियों पर धामी सरकार का शिकंजा, खुशहालपुर में आधा दर्जन से अधिक मकान ध्वस्त

देहरादून। पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आधा दर्जन से अधिक मकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन के मुताबिक, इन संपत्तियों से जुड़े कई लोग हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ गो हत्या, नशा तस्करी, गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, संबंधित संपत्तियों और भूमि दस्तावेजों की पूर्व में जांच की गई थी और अवैध कब्जे को लेकर संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए गए थे।

आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के बाद कार्रवाई

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुशहालपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कथित तौर पर कब्जा कर बनाए गए निर्माणों की जांच के दौरान कई ऐसे लोगों के नाम सामने आए, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें गो हत्या, नशे की तस्करी, गुंडा एक्ट और सरकारी भूमि पर कब्जे से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के मुताबिक, कार्रवाई की जद में आए लोग पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति बताए गए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज हैं और नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।

आमिर समेत कई आरोपियों के मकान पर कार्रवाई

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में सक्रिय बताए जा रहे आमिर के मकान को भी ध्वस्त किया गया। प्रशासन के मुताबिक आमिर के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज हैं।

इसी तरह मेहराज के खिलाफ आठ, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद उर्फ मिर्ची के खिलाफ आठ, मोहसिन के खिलाफ 15 और फैजान के खिलाफ 19 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। कौसर के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराना है। अधिकारियों के अनुसार, जिन निर्माणों को हटाया गया, उनमें से संबंधित लोगों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की गई थी।

सीएम धामी के सख्त रुख के बाद बढ़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने सरकारी भूमि पर कब्जा करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कुछ ऐसे लोगों के बारे में सूचनाएं सामने आई थीं जो बाहरी राज्यों से आकर सरकारी भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर रहे थे और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे।

Parvatanchal