दुखद: शहर के धार की तूनी में मलबे की चपेट में आने से दो नेपाली मजदूरों की दर्दनाक मौत

दुखद: शहर के धार की तूनी में मलबे की चपेट में आने से दो नेपाली मजदूरों की दर्दनाक मौत
Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)।  लगातार हो रही बारिश के बीच अल्मोड़ा नगर के धार की तूनी क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। टिन शेड के किराये के कमरे में रह रहे दो नेपाली मजदूर अचानक मलबे की चपेट में आ गए। राहत एवं बचाव दल ने कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान दिलीप पुत्र बल बहादुर तथा चक्र बहादुर पुत्र हस्त बहादुर, निवासी जिला कालीकोट (नेपाल), दोनों की उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों नेपाली मजदूर धार की तूनी क्षेत्र में एक टिन शेड वाले कमरे में रह रहे थे। देर रात लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी से भारी मलबा और मिट्टी कमरे में आ घुसी, जिससे दोनों उसके नीचे दब गए। सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस तथा राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में टिन शेड का कमरा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल पर पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लगातार हो रही बारिश के कारण जिले में भूस्खलन और भू-धंसाव की घटनाएं बढ़ने से प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।

Parvatanchal