खुलासा: रंग लाई पुलिस की मेहनत, 48 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद किया 35 लाख का ट्रक

खुलासा: रंग लाई पुलिस की मेहनत, 48 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामद किया 35 लाख का ट्रक
Spread the love

हरिद्वार(आरएनएस)।  माइनिंग चेकपोस्ट से चोरी हुआ करीब 35 लाख रुपये कीमत का ट्रक पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गेंडीखाता के जंगल से बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने नजीबाबाद निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक को जंगल में झाड़ियों के बीच छिपा रखा था। पहचान छिपाने के लिए ट्रक की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार, 24 अगस्त को माइनिंग चेकपोस्ट से लाल रंग का ओपन बॉडी 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान शहजाद परवेज (38) पुत्र अमीनुद्दीन निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, नजीबाबाद और हबीब खां (55) पुत्र प्यारे खां निवासी मोहल्ला किला, नजीबाबाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक को गेंडीखाता क्षेत्र के जंगल में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
इसके बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। गुर्जर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया ट्रक बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बरामद ट्रक के चेसिस और इंजन नंबर का सत्यापन किया। दोनों नंबर चोरी हुए ट्रक से संबंधित पाए गए। पुलिस के अनुसार, बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

Parvatanchal