आतंक: बड़कोट रेंज के अंतर्गत दुजियावाला में गुलदार की सक्रियता से दहशत में जी रहे हैं लोग

आतंक: बड़कोट रेंज के अंतर्गत दुजियावाला में गुलदार की सक्रियता से दहशत में जी रहे हैं लोग
Spread the love

ऋषिकेश(आरएनएस)।   बड़कोट रेंज के अंतर्गत दुजियावाला क्षेत्र में गुलदार की लगातार बढ़ रही सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले एक सप्ताह में गुलदार तीन कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है, जबकि एक कुत्ते को घायल कर दिया। गुलदार की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में भय बढ़ता जा रहा है और उन्होंने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य पूनम सजवान ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गुलदार लगातार आबादी के आसपास घूम रहा है। ऐसे में ग्रामीणों और खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग भी की। बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश उनियाल ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में दिन और रात दोनों समय गश्त की जा रही है।वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। उन्होंने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक से पिंजरा लगाने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति प्राप्त होते ही नियमानुसार क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया जाएगा। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और शाम के बाद अनावश्यक रूप से अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
गुलदार के हमले में घायल पिंकी देवी के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
दूसरी ओर,जामल गांव में गुलदार के हमले में घायल हुई पिंकी देवी से मंगलवार को वन विभाग की टीम ने मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। वन दरोगा दाताराम और वन रक्षक पंकज कुमार ने महिला से घटना की जानकारी लेने के साथ ही मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम ने घायल महिला और परिजनों से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। साथ ही उपचार से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात की जानकारी ली गई, ताकि नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। अधिकारियों ने बताया कि जामल गांव में गाय-बकरियां चराने के दौरान पिंकी देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया था।हमले में वह घायल हो गई थीं। घटना के बाद से ग्रामीणों में गुलदार को लेकर दहशत बनी हुई है और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार की निगरानी की मांग की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल अथवा आबादी के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी है। टीम ने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की बात भी कही।

Parvatanchal