शिकंजा: एसएसपी दून की सख्ती का असर, जानलेवा हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार

शिकंजा: एसएसपी दून की सख्ती का असर, जानलेवा हमले का फरार आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

 

मामूली विवाद में साथियों के साथ मिलकर युवक पर कार चढ़ाने का किया था प्रयास, मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के चलते अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पटेलनगर क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था और पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे दून अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2026 को हर्ष वालिया पुत्र राजीव वालिया, निवासी नयागांव सेवलाखुर्द, चंद्रबनी, पटेलनगर, देहरादून ने थाना पटेलनगर में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि मामूली विवाद के चलते हार्दिक शर्मा और उसके अन्य साथियों ने जान से मारने की नीयत से उनकी मोटरसाइकिल में अपनी आई-20 कार संख्या यूके-07-डीई-6267 से टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया। इतना ही नहीं, उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 255/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 140(3), 191(2), 324(2), 351(2) और 352 बीएनएस में हार्दिक शर्मा समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पटेलनगर पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 मई 2026 को नामजद आरोपी हार्दिक शर्मा पुत्र अजय कुमार, निवासी खोदेवी, थाना नकुड़, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

वहीं, मुकदमे में नामजद आरोपी उदित पुत्र पंकज घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही थी। करीब चार महीने तक चले प्रयासों के बाद पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिला।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उदित को दून अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने ले जाकर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान उदित पुत्र पंकज किरन, निवासी मकान नंबर ए-47, गायत्री पुरम, शोभित यूनिवर्सिटी के निकट, मोदीपुरम, पल्लवपुर, मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Parvatanchal