दुखद: अल्मोड़ा में भारी बारिश का कहर, मलबे की चपेट में आया मकान; महिला और दो बच्चों की मौत

दुखद: अल्मोड़ा में भारी बारिश का कहर, मलबे की चपेट में आया मकान; महिला और दो बच्चों की मौत
Spread the love

अल्मोड़ा। जिले के हवालबाग ब्लॉक के वड्यूडा/उडयूडा गांव में मंगलवार तड़के भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। अचानक पहाड़ी से आया मलबा एक आवासीय मकान में घुस गया। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। मलबे और मकान के ढहने से तीन लोग उसकी चपेट में आ गए, जिनकी मौत हो गई।
हादसे में मृतकों की पहचान प्रेमा देवी, उनकी पुत्री कल्पना और पुत्र मनीष के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
बताया गया कि मंगलवार तड़के क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबा आवासीय मकान की ओर आ गया। देखते ही देखते मलबा घर के अंदर घुस गया और मकान का ढांचा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। उस वक्त घर के अंदर सो रहे लोगों को संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिल सका।
हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीम घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई में जुटी है।
लगातार हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Parvatanchal