आफ़त: मूसलाधार बारिश के चलते ओवरफ्लो हो गई दांयी खोह नहर, घरों में घुसा पानी

आफ़त: मूसलाधार बारिश के चलते ओवरफ्लो हो गई दांयी खोह नहर, घरों में घुसा पानी
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के दौरान सनेह क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर में दांयी खोह नहर ओवरफ्लो हो गई। नहर का पानी सड़क से होकर आसपास के लोगों के घरों में जा घुसा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग से बारिश के दौरान नहर में पानी का संचालन बंद कराने की मांग की है।
रामपुर निवासी मोहन सिंह रावत ने बताया कि सोमवार शाम नगर क्षेत्र के साथ ही पर्वतीय इलाकों में भी मूसलाधार बारिश हुई। इससे खोह नदी उफान पर आ गई। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण दांयी खोह नहर में पानी का बहाव भी तेज हो गया। नहर में पानी अधिक आने से कई स्थानों पर वह ओवरफ्लो हो गई।उन्होंने बताया कि नहर का पानी सड़क पर बहते हुए आसपास के घरों में पहुंच गया। वहीं, नहर के ओवरफ्लो होने से कुंभीचौड़-रामपुर-सनेह मार्ग को भी नुकसान पहुंच रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान नहर में पानी का संचालन जारी रहने से समस्या और बढ़ जाती है। मोहन सिंह रावत ने सिंचाई विभाग से मांग की कि तेज बारिश और खोह नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान नहर में पानी का संचालन बंद किया जाए, ताकि नहर का पानी सड़क और घरों में न घुसे।
डेढ़ घंटे की मूसलाधार बारिश से आवाजाही रुकी:  सोमवार को शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश शुरू हुई। एक घंटे से अधिक समय तक बारिश जारी रहने से क्षेत्र में कई जगह जलभराव हुआ। रेलवे रोड पर सड़क पर तेज ढाल होने के कारण पानी सड़क पर तेजी से बहने के दौरान दोपहिया वाहन मार्ग से नहीं गुजर रहे। वहीं, करीब एक फिट तक पानी के तेज बहाव के दौरान मार्ग से गुजर रही एक ई-रिक्शा फंस गई और पलटने से बाल-बाल बची। मार्ग पर काफी जलभराव होने से यात्रियों के न पहुंच पाने के कारण बसें भी खाली खड़ी रहीं। वहीं, दुकानों के बाहर खड़े दोपहिया वाहन आधे जलभराव में डूबे दिखाई दिए। इस दौरान बदरीनाथ मार्ग पर झंडा चौक के अलावा देवी रोड समेत कई जगह जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। कोतवाली के बाहर भी मार्ग पर तेज ढाल होने और दो मार्गों का पानी तेजी से बहने से लोग रुके रहे और संभलकर गुजरे। दुगड्डा मार्ग पर भी सिद्धबली मंदिर के पास पुलिस चौकन्ना रही और पहाड़ी से मलबा आने की स्थिति का अपडेट लेकर वाहनों को सावधानी से गुजारा गया।

Parvatanchal