खूनी बदला: जीजा की आंखें फोड़ीं, चेहरे पर चाकू से 83 बार किए वार, चार मिनट तक दो साले ढाते रहे कहर
बहन से प्रेम विवाह करने को लेकर बहुत ख़फ़ा थे आरोपी
तरनतारन (आरएनएस)। पंजाब के तरनतारन में प्रेम विवाह से नाराज दो युवकों ने अपने जीजा की बेरहमी से हत्या कर दी। बस अड्डे के बाहर दोनों आरोपियों ने जगजीत सिंह उर्फ जग्गा (25) को घेर लिया और सड़क पर गिराकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके चेहरे पर 83 वार किए गए। दोनों आंखों पर भी चाकू से हमला किया गया।
वारदात के दौरान जगजीत सड़क पर खून से लथपथ तड़पता रहा। बताया जा रहा है कि करीब चार मिनट तक दोनों आरोपी उस पर चाकुओं से हमला करते रहे। इस दौरान मौके से गुजर रहे कुछ लोग मदद करने के बजाय घटना का वीडियो बनाते रहे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिवार की मर्जी के खिलाफ किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार, गांव कद्दगिल निवासी जगजीत सिंह का गांव नौरंगाबाद की रहने वाली पिंकी के साथ प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते से युवती का परिवार खुश नहीं था। परिवार की सहमति के बिना दोनों करीब एक महीने पहले घर से चले गए और प्रेम विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले ही जगजीत अपनी पत्नी के साथ घर वापस लौटा था। उसकी सास उससे मिलने कद्दगिल आई थी।
सास को बस अड्डे छोड़ने गया था जगजीत
सुबह करीब 11:40 बजे जगजीत अपनी सास को मोटरसाइकिल से बस अड्डे छोड़ने गया था। सास को बस में बैठाने के बाद वह वापस लौट रहा था। करीब 12:02 बजे बस अड्डे के बाहर उसके साले जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह ने उसे रास्ते में घेर लिया। दोनों के हाथों में चाकू थे। जगजीत की बाइक फुटपाथ पर गिरते ही आरोपियों ने उसे दबोच लिया और सड़क पर ही हमला शुरू कर दिया।
चार मिनट तक बरसाते रहे चाकू
आरोपियों ने जगजीत के चेहरे पर लगातार चाकू से वार किए। बताया जा रहा है कि उसके चेहरे पर 83 वार किए गए और आंखों को भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त किया गया। कुछ ही देर में पूरा चेहरा खून से सन गया। सरेराह हुई इस वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
डीएसपी (एच) जसपाल सिंह बहोडू, थाना सिटी प्रभारी परमजीत सिंह विरदी और सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर रुपिंदरपाल सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने जसप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस वारदात से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

