धोखाधड़ी: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर दो लोगों से ₹68 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश के नाम पर ₹68 लाख की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 24 परगना (पश्चिम बंगाल) से गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून पर साइबर ठगी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना में प्रकाश में आया कि आरोपियों द्वारा स्वयं को यूएसए एवं भारत में शेयर मार्केट से जुड़ा बताकर शिकायतकर्ता को शेयर मार्केट/आईपीओ में निवेश करने पर अधिक लाभ का झांसा दिया गया। 16 अक्टूबर 2025 से 18 नवंबर 2025 के मध्य विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹47,63,537 रुपये जमा कराए गए।
साइबर अपराधियों ने भारत व अमेरिका के शेयर बाजार से जुड़े होने का झांसा देकर देहरादून के दो अलग-अलग पीड़ितों से ₹47.63 लाख और ₹18.54 लाख (कुल ₹68 लाख) विभिन्न बैंक खातों में जमा करा लिए थे। जांच के दौरान बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते (रजक एंड कंपनी) में ठगी के ₹27.20 लाख ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। साइबर पुलिस टीम मने मामले की जांच के दौरान राकेश कुमार रजक (40) और सैयद शादाब अली उर्फ करीम भाई (32) को कोलकाता में दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपियों को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है। एसएसपी एसटीएफअजय सिंह ने बताया कि मोबाइल की जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बीच हुई व्हाटएसएप चैट से पता चला कि सैयद शादाब नेट बैंकिंग उपलब्ध कराने के एवज में मोटा कमीशन लेता था और बैंक खातों की खरीद-फरोख्त का मुख्य आरोपी है। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर उक्त खाते के खिलाफ 19 से अधिक शिकायतें पहले से दर्ज हैं। प्रकरण में शिकायतकर्ता के ₹12 लाख की होल्ड धनराशि वापस कराने के लिए न्यायालय का आदेश बैंक को भेजा जा चुका है। पुलिस टीम में निरीक्षक राजेश सिंह, एसआई हिम्मत सिंह और सिपाही सोहन बडोनी शामिल रहे।2025

