धोखाधड़ी: ग्रामसभा की जमीन को निजी बताकर बेचने की डील कर ठग लिए 24 लाख रुपए
देहरादून(आरएनएस)। रायपुर थाना क्षेत्र में ग्रामसभा की जमीन को निजी बता बेचने का झांसा देकर 24 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने सोमवार को दिल्ली निवासी एक महिला की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि मंजू निवाीस रोहिणी, दिल्ली ने तहरीर दी। बताया कि दिवाकर नैनवाल नाम के व्यक्ति ने खुद को भोपालपानी ग्रांट, मालदेवता स्थित एक जमीन के मालिक का अधिकृत एजेंट बताया। आरोपी के झूठे वादों और झांसे में आकर पीड़िता ने जमीन खरीदने का सौदा किया और कुल 24 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब महिला ने असली मालिक से सीधा संपर्क किया। उन्हें पता चला कि दिवाकर के पास जमीन बेचने या सौदा करने का कोई कानूनी अधिकार ही नहीं है। इसके बाद जब महिला ने पटवारी और राजस्व अधिकारियों से जमीन का सत्यापन कराया तो सामने आया कि दिखाई गई जमीन निजी संपत्ति न होकर ग्रामसभा की है। महिला का आरोप है कि डील में दिवाकर नैनवाल के साथ राजेंद्र पाल निवासी मालदेवता और अशोक भी शामिल थे। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

