दहशत: गुलदार ने छानी में घुसकर 15 बकरियों को मार डाला, पशुपालक पर आर्थिक संकट की मार
विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार के खत पशगांव के ग्राम क्वानू स्थित शंभर खेड़े में गुलदार के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोमवार रात गुलदार ने गांव के समीप बनी छानी में घुसकर 15 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। घटना से बकरी पालक सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बकरी पालक आत्माराम रोजाना की तरह दिनभर बकरियों को चराने के बाद उन्हें गांव के समीप स्थित छानी में बंद कर घर लौट गए थे। मध्य रात्रि गुलदार छानी के जालीदार दरवाजे को उखाड़कर अंदर घुस गया और बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में 15 बकरियों की मौत हो गई। पीड़ित बकरी पालक ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत और तमाम मुश्किलों के बीच बकरियों का पालन-पोषण कर अपनी आजीविका का मजबूत आधार तैयार किया था। एक ही रात में हुई घटना से उनकी वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी बर्बाद हो गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की सक्रियता बढ़ रही है। इससे लोग अपने पशुधन के साथ-साथ खुद की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। क्षेत्रीय पटवारी श्याम सिंह तोमर ने बताया कि मौके पर जाकर घटना का मुआयना किया गया है। इसकी रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन और वन विभाग को भेजी जाएगी। ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।

