आक्रोश: सड़क की बदाहली से नाराज़ दो जिलों के लोगों ने बनाई मानव श्रृंखला
बागेश्वर(आरएनएस)। बेरीनाग-चंतोला-नरगोली मोटर मार्ग के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग को लेकर रविवार को दो जिलों के ग्रामीणों ने करीब सात किमी लंबी मानव शृंखला बनाई। बागेश्वर के नगरकोली और पिथौरागढ़ के बेरीनाग से एक साथ शुरू हुआ आंदोलन करीब तीन घंटे चला। प्रशासन के दिसंबर से सड़क पर डामरीकरण और सुधारीकरण का काम शुरू करने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित किया। सड़क संघर्ष समिति और कमस्यार महोत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कपूरी, खातीगांव, भंडारीगांव, धौलियापाटा, रावतसेरा, खाणी, तुररेड़ा, ठांगा, औलानी, भंडारीसेरा, नरगोली, चंतोला, पोस्ताला और सुकराड़ी समेत कई गांवों के ग्रामीण कपूरी में एकत्र हुए। सुबह दस बजे यहां से लोगों ने मानव शृंखला बनाई। इसी समय पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग पेट्रोल पंप से भी ग्रामीणों ने शृंखला शुरू की, जो दोनों ओर से करीब सात किमी तक बनी।
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2003 में सड़क बनने के बावजूद अब तक इसका सुधारीकरण और डामरीकरण नहीं हुआ है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अब आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। आंदोलनकारियों को समझाने के लिए तहसीलदार बेरीनाग दयाल मिश्रा, पीएमजीएसवाई डीडीहाट के अधिशासी अभियंता व सहायक अभियंता तथा स्वास्थ्य विभाग की 108 सेवा टीम मौके पर पहुंची।
करीब आधे घंटे की वार्ता के बाद दिसंबर से सड़क पर सुधारीकरण और डामरीकरण शुरू करने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर संघर्ष समिति अध्यक्ष दरपान राम टम्टा, संयोजक विनोद मेहरा, सुनील रावत, कमस्यार महोत्सव समिति के अनिल रौतेला, मनोज राठौर, महेश राठौर, भगवान मेहरा, हयात डसीला, भूपाल राम, भूपाल खाती, भास्कर कुमार, पूरन बोरा, राजेंद्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य गोपा, सरोज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, उक्रांद के वरुण चंतोला, व्यापार मंडल के राजेश रावत, हेम पंत, दया उप्रेती, सुनीता राठौर, माया देवी समेत महिला मंगल दल की महिलाएं मौजूद रहीं।
जेड बैंड बना जी का जंजाल
कांडा। कमस्यार क्षेत्र के लोगों का मुख्य बाजार बेरीनाग है। बच्चों की पढ़ाई के लिए भी लोग इसी क्षेत्र पर निर्भर हैं। सिंगल सड़क होने के कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है। जेड बैंड पर लगातार पत्थर गिरने से यह क्षेत्र लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को स्थानीय विधायक और डीडीहाट विधायक के सामने कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
सांसद और विधायक ने दिया आश्वासन
केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा वर्चुअल माध्यम से आंदोलनकारियों से जुड़े। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक महीने के भीतर सड़क की डीपीआर तैयार कर डामरीकरण और सुधारीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। डीडीहाट विधायक फकीर राम ने कहा कि उनकी विधानसभा क्षेत्र की सभी सड़कों की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिसमें यह मार्ग भी शामिल है। बजट मिलते ही काम शुरू कराया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।

