शिकंजा: चंदेली गांव में बिजली केबल चोरी कर ले जा रहे चार लोगों को पुलिस ने दबोचा

शिकंजा: चंदेली गांव में बिजली केबल चोरी कर ले जा रहे चार लोगों को पुलिस ने दबोचा
Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।   बिजली सब स्टेशन हल्दी के 11 केवी कृषि फीडर चंदेली की बिजली लाइन से चोरों ने केबल काट ली। केबल काटकर उसके टुकड़े बनाकर कार में भर कर भाग रहे चार आरोपियों को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें बिजली केबल के दो से तीन फीट लंबे 165 टुकड़े बरामद हुए। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस टीम ने चारों को गिरफ्तार कर कार को सीज कर दिया। विद्युत सब स्टेशन हल्दी के अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी ने डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि ग्राम चंदेली में चोरों ने 11 केवी कृषि फीडर चंदेली की विद्युत लाइन से केबल काटकर चोरी कर ली है।चोर चोरी की गई केबल को काले रंग की कार में भरकर चंदेली से बंडिया गांव की ओर भाग रहे हैं। ऊर्जा निगम की चोरी-रोधक एवं निगरानी टीम उनका पीछा कर रही है। सूचना पर सत्रह मील मझोला के चौकी प्रभारी किशोर पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बंडिया गांव में भीम कॉलोनी के पास ऊर्जा निगम की टीम के सहयोग से घेराबंदी कर कार को रोका। उसमें सवार चार लोगों को पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर केबल के 165 टुकड़े बरामद हुए। पकड़े गए लोगों ने पूर्व में भी खटीमा क्षेत्र में बिजली केबल चोरी कर उसे कबाड़ियों को बेचने भेजने की बात कबूली है। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। अवर अभियंता विनोद चंद्र जोशी की तहरीर पर चारों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। चौकी प्रभारी पंत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अलीम पुत्र सगीर अहमद निवासी ग्राम सिरौलीकला, जुनैद पुत्र लियाकत अली निवासी दोपहरिया रोड़ सिरौलीकला, मो. अय्यूब पुत्र मो. ईषू निवासी सिरौलीकला थाना पुलभट्टा और पिंटू कुमार सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी नगला थाना पन्तनगर, ऊधमसिंह नगर शामिल हैं।
वाहन चोरी का वांछित आरोपी गिरफ्तार
वाहन चोरी गिरोह के वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने गुरुवार को बताया कि पुलिस ने गिरोह के सरगना गौरव कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बाइकें बरामद हुई थीं। वांछित आरोपी राजवीर पुत्र प्रदुमन निवासी नई बस्ती गोठा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी गिरफ्तारी के दौरान एक संदिग्ध चोरी की बाइक बरामद हुई है। बरामद बाइक के संबंध में आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

Parvatanchal