धोखाधड़ी: केवाईसी कराने का झांसा और ऑनलाइन धमकी देकर पांच लोगों से 7.5 लाख की साइबर ठगी
देहरादून(आरएनएस)। तमाम जागरूकता के बाद भी राजधानी देहरादून में साइबर ठगी के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। हाल में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से पांच लोगों को 7.58 लाख रुपये का चूना लगा दिया। मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगी की घटनाएँ; वाणी विहार, रायपुर निवासी राम नरेश को ऑनलाइन माध्यधम से डरा-धमका कर और चोट पहुंचाने का डर दिखाकर धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। आरोपियों ने धोखे से पीड़ित से 1.40 लाख रुपये हड़प लिए।
बैंक खाते से धन की चोरी: राजपुर थाना के कृषाली निवासी रचना ममगाईं के बैंक खाते से ठगों ने 13 अगस्त को 1.66 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने घटना के तुरंत बाद साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी तहरीर पर 19 अगस्त को राजपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भिन्न खातों से धोखाधड़ी; मधु विहार, जीएमएस रोड निवासी अभिषेक अदलखा के पंजाब नेशनल बैंक के दो खातों और जन स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक खाते से साइबर ठगों ने 2.08 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित को पां जुलाई को इसका पता चला। बुधवार को मामले में बसंत विहार थाने में केस दर्ज किया गया।
फर्जी लिंक के माध्यम से ठगी: एलए सिटी डूंगा निवासी शिवाधात्री सिंह को 14 अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर खुद को बैंक अधिकारी बताया। उसने बैंक खाते की केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर एक फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर जानकारी दर्ज करते ही पीड़ित के खाते से बिना अनुमति ₹1.34 लाख रुपये कट गए। प्रेमनगर कोतवाली पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
चोइला निवासी से 1.09 लाख ठगे:
चंद्रबनी चोइला निवासी आलोक सिंह भी साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। ठगों ने उनके साथ 1.09 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद 19 अगस्त को कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

