दहशत: बच्चा अगवा करने वाले गैंग के सक्रिय होने की सूचना से अभिभावक परेशान
विकासनगर(आरएनएस)। विकासनगर में बच्चा अगवा करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की सूचना से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। प्रतिष्ठित स्कूलों की ओर से यह सूचना अभिभावकों को भेजकर सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस प्रकार का अभी तक कोई भी मामला पुलिस के पास नहीं आया है। इसके बावजूद अफवाहों को गंभीरता से लेते हुए जांच की जाएगी। दरअसल, कुछ दिनों से विकासनगर के प्रतिष्ठित स्कूलों की ओर से बच्चों के अभिभावकों को मैसेज भेजे जा रहे हैं, जिसमें दावा किया जा रहा है कि विकासनगर क्षेत्र में बच्चों को अगवा करने वाला गिरोह सक्रिय है।इसको लेकर अभिभावकों को अपने बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा जा रहा है। अभिभावकों को अपने बच्चे को स्वयं स्कूल भेजने और लेने की अपील की जा रही है। साथ ही बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना देने को कहा जा रहा है। विकासनगर में एक नहीं कई प्रतिष्ठित स्कूल इस प्रकार की सूचना अभिभावकों को भेज रहे हैं। स्कूलों की और से अभिभावकों को भेजे जा रहे इस प्रकार के मैसेज से अभिभावकों में डर का माहौल बना हुआ है। वह अपने बच्चों को अब खुद ही स्कूल छोड़ने और लेने आ रहे हैं। हालांकि बच्चा चोर गिरोह की सूचना को पुलिस अफवाह करार दे रही है। पुलिस का कहना है कि अभी बच्चों के अगवा या चोरी का मामला प्रकाश में नहीं आया है। लेकिन फिर भी पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। कोतवाल विकासनगर विनोद रौथाण ने बताया कि फिलहाल ऐसा कोई गिरोह सक्रिय होने की बात सामने नहीं आई है। कहा कि ऐसा है तो इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई अमल ली जाएगी, और अफवाहों की जांच की जाएगी।

