एक्शन: क्रिप्टो ठग लवीश चौधरी पर 20 करोड़ ठगने में दो दिन में दूसरा मुकदमा दर्ज़
देहरादून(आरएनएस)। भारी मुनाफे का सब्जबाग दिखाकर निवेशकों के करोड़ों रुपये डकारने वाले मास्टरमाइंड लवीश चौधरी उर्फ नवाब अली के खिलाफ रायपुर थाने में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। 240 से अधिक लोगों से 20 करोड़ की ठगी में दो दिन में यह दूसरा केस है। अपर सिविल जज (षष्ठम) सीनियर डिवीजन की अदालत के आदेश पर धोखाधड़ी और बड्स एक्ट के तहत यह मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिक विद्यालय नकरौंदा के पास रहने वाली कविता परमार पत्नी अरुण परमार ने अपने अधिवक्ता साहिल सिंघल के माध्यम से कोर्ट में अपील की। शिकायत के मुताबिक, करीब तीन साल पहले मुजफ्फरनगर के घासीपुरा निवासी लवीश चौधरी ने उनसे और अन्य स्थानीय लोगों से संपर्क साधा था।आरोपी ने सोशल मीडिया, सेमिनार और वॉट्सऐप ग्रुप्स के जरिए बोट ब्रो, यॉर्कर एफएक्स, बॉट अल्फा, क्रॉस मार्केट और टीएलसी कॉइन जैसे प्लेटफॉर्म्स का जमकर प्रचार किया। आरोपी ने निवेशकों को ऑटोमेटेड ट्रेडिंग के जरिए हर महीने 5 से 6 प्रतिशत के फिक्स और गारंटीड रिटर्न का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर कविता के परिचित लगभग 100 से 120 लोगों ने करीब आठ करोड़ रुपये निवेश कर दिए। जब लोगों ने पैसा निकालना चाहा, तो आरोपी ने निकासी रोक दी। कविता परमार ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने बीते 29 मई को रायपुर थाने में तहरीर दी। इसके बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। थक-हारकर उन्हें बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्यों और प्रभावित पीड़ितों की सूची के साथ न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। तब कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। रायपुर एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मामले में बुधवार को मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

