धोखाधड़ी : लोन दिलाने के नाम पर कारोबारी से 20 लाख और कार ठगने के आरोप में पांच पर मुकदमा दर्ज़
देहरादून(आरएनएस)। मसाला फैक्ट्री पर 70 लाख रुपये के सब्सिडी वाले लोन का झांसा दे एक कारोबारी से 20 लाख रुपये और एक कार ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने बैंक में लोन की गारंटी के तौर पर दूसरे की जमीन को अपना बताकर पीड़ित को जाल में फंसाया। पीड़ित की तहरीर पर नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ नेहरू कॉलोनी मनोज नौटियाल ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी, शिवनगर निवासी भूपेंद्र सिंह नेगी ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह दूधली स्थित अपनी पत्नी की मसाला फैक्ट्री का संचालन करते हैं। एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात प्रदीप सकलानी निवासी भंडारगांव से हुई। प्रदीप ने बैंक में अच्छी पहुंच होने का दावा कर फैक्ट्री पर 35 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 70 लाख का लोन पास कराने का झांसा दिया। लोन के लिए जब संपत्ति गिरवी रखने की बात आई तो प्रदीप और उसके पार्टनर सौरभ ने शास्त्री नगर में एक प्लॉट पीड़ित के नाम करने का प्रस्ताव रखा। इसके एवज में आरोपियों ने भूपेंद्र से 20 लाख रुपये नकद, पत्नी की मारुति ब्रेजा कार और ब्लैंक चेक ले लिए। काफी समय बाद भी जब रजिस्ट्री नहीं हुई तो पीड़ित ने छानबीन की। पता चला कि वह जमीन किसी और की है। दबाव बनाने पर आरोपियों ने नाममात्र की रकम लौटाई और जो चेक दिए, वे बाउंस हो गए। यही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित की कार भी शशांक पुंडीर नाम के व्यक्ति को बेच दी। एसओ नौटियाल ने बताया कि भूपेंद्र की तहरीर पर प्रदीप सकलानी, सौरभ चौहान, शशांक पुंडीर, सुधीर और गोलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

