हादसा : बारिश में अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी स्कॉर्पियो,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान घायल
विकासनगर(आरएनएस)। देहरादून-पांवटा फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर बद्रीपुर के पास भारी बारिश के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी। हादसे में मधु चौहान के बाएं कंधे में गंभीर चोट आई है, जबकि चालक समेत वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी हल्की चोटें लगी हैं। पुलिस के मुताबिकि मधु चौहान शुक्रवार दोपहर करीब सवा 12 बजे देहरादून से विकासनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्कॉर्पियो से रवाना हुई थीं। बद्रीपुर फोरलेन पार करने के बाद अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी।हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने वाहन में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल मधु चौहान को उपचार के लिए धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे और मधु चौहान का हालचाल जाना। अस्पताल में समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। हादसे की वजह भारी बारिश के कारण सड़क पर बनी फिसलन मानी जा रही है।

