दहशत: टिहरी जनपद की रौणद रमोली पट्टी गुलदार की धमक, 16 वर्षीय किशोर पर किया हमला
नई टिहरी(आरएनएस)। प्रतापनगर ब्लॉक के रौणद रमोली पट्टी के भरपूर गांव में रविवार सुबह घर से महज 10 मीटर दूर गुलदार ने 16 वर्षीय किशोर पर हमला कर दिया। किशोर के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे जिससे गुलदार भाग गया। हमले में घायल बालक को परिजन तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले गए जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई है। भरपूर निवासी शिव सिंह कलूड़ा का बेटा नैतिक (16) सुबह करीब 8.30 बजे गाय को जंगल में चराने ले जा रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में नैतिक की पीठ, हाथ और घुटने पर नाखून के निशान मिले हैं। चिकित्सकों के अनुसार चोटें सामान्य हैं।घटना पर वन रेंजर पूजा चौहान टीम के साथ गांव पहुंचीं। उन्होंने घायल बालक का हालचाल जाना। घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बरसात में गांव और जंगल के आसपास झाड़ियां घनी होने से गुलदारों को छिपने के लिए जगह मिल जाती है। घटना के बाद भरपूर गांव में गश्त टीम तैनात कर दी गई है जो गांव और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेजने और मवेशियों को सुरक्षित रखने की अपील की। ग्राम प्रधान आरती देवी ने घायल बालक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वन विभाग से गांव में लगातार गश्त कराने। गुलदार की गतिविधियों की निगरानी रखने की मांग की है।

