अल्टीमेटम: बदनाम करने के आरोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी न हुई तो थाने में आत्मदाह करेगी विवाहिता

अल्टीमेटम: बदनाम करने के आरोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी न हुई तो थाने में आत्मदाह करेगी विवाहिता
Spread the love

बागेश्वर(आरएनएस)।   कपकोट थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने रविवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर आरोपित की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर थाने में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। महिला ने कहा कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस और क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया तथा पुलिस की होगी। प्रसारित वीडियो में विवाहिता ने आरोप लगाया कि जगदीश गोस्वामी इंटरनेट मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लगातार उसके विरुद्ध वीडियो जारी कर उसे बदनाम कर रहा है। उसने कहा कि आरोपित यह दावा कर रहा है कि उसने विधायक सुरेश गढ़िया से तीन करोड़ रुपये तथा एक वाहन लिया है तथा उसके पास इसके सबूत हैं। महिला ने कहा कि यदि आरोपित के पास कोई साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। साथ ही विधायक भी इस पूरे मामले में सामने आकर स्थिति स्पष्ट करें, ताकि सच सबके सामने आ सके।
महिला का कहना है कि वर्ष 2024 से लगातार इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। पहले भी उसने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उस समय उसे न्याय का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पांच दिन पहले भी उसने आरोपित के खिलाफ नामजद तहरीर दी, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसके बावजूद आरोपित लगातार उसके खिलाफ वीडियो जारी कर रहा है।
महिला ने वीडियो में कहा कि लगातार हो रही बदनामी के कारण उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। उसके पति ने टैक्सी चलाना बंद कर दिया है और बेटी भी स्कूल जाने से कतरा रही है। उसने पुलिस से आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने तथा उसके लगाए गए आरोपों की सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की है। महिला ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई और उसे न्याय नहीं मिला तो वह कपकोट थाने में आत्मदाह कर लेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और विधायक सुरेश गढ़िया की होगी।
कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा, इस मामले में पुलिस अधीक्षक को ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इंटरनेट मीडिया का सहारा लेकर किसी को बदनाम करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
कपकोट थाने के एसआइ विवेक भट्ट ने बताया कि आरोपित जगदीश गोस्वामी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से बाहर है, लेकिन कानून से बच नहीं सकेगा। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Parvatanchal