समीक्षा: बांध प्रभावित परिवारों को जल्द मिलेगा मुआवजा और पुनर्वास का लाभ, एडीएम नेगी ने दिए निर्देश
नई टिहरी(आरएनएस)। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने निर्माणाधीन सौंग बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और मुआवजा वितरण की समीक्षा की। उन्होंने बांध परियोजना से प्रभावित परिवारों को मुआवजा वितरण जल्द करने, पुनर्वास की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। परियोजना से टिहरी जिले के सौंदणा, रगड़गांव व घुडसाल गांव और देहरादून जिले का प्लेड गांव प्रभावित हो रहा है। परियोजना की जद में 10.560 हेक्टेयर भूमि आ रही है। इसमें 30 खातेदारों के 76 परिवार पूर्ण रूप से और 107 खातेदारों के 268 परिवार आंशिक रूप से प्रभावित होंगे। इसके अलावा 61 आवासीय भवन और 33 गोशालाएं भी प्रभावित होंगी।निरीक्षण के दौरान एडीएम नेगी ने बताया कि बांध परियोजना से पूर्ण रूप से प्रभावित गांवों के पुनर्वास संबंधी प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। भूमि अधिग्रहण अधिनियम के तहत प्रभावित परिवारों को किए गए मुआवाजा वितरण और पुनर्वास की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को मुआवजा और पुनर्वास से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने को कहा। किसी भी पात्र व्यक्ति को मुआवाजा व पुनर्वास के लाभ से वंचित न रखने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारियों ने बताया कि मालदेवता से बांध स्थल तक 10.50 किलोमीटर पहुंच मार्ग का निर्माण पूरा हो चुका है। बांध के ऊपरी हिस्से में नदी के दोनों ओर 2.50-2.50 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है। करीब 2100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सौंग पेयजल परियोजना का बांध 133 मीटर ऊंचा होगा। परियोजना के पूरा होने के बाद पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी बेहतर होगी। इस मौके पर उपमहाप्रबंधक प्रताप सिंह बिष्ट, परियोजना प्रबंधक सुधीर सैनी, शुभांशु तिवारी, धीरेंद्र नेगी, गिरीश भट्ट आदि मौजूद रहे।

