कामयाबी: बंजारावाला में महिला से चेन लूटने वाला दिल्ली का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

कामयाबी: बंजारावाला में महिला से चेन लूटने वाला दिल्ली का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  बंजारावाला में मार्निंग वॉक पर निकली महिला के गले से चेन लूटने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की दिल्ली नंबर की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। फरार आरोपी के साथी की पुलिस तलाश कर रही है। 25 जुलाई की सुबह बंजारावाला निवासी महिला से भद्री गेस्ट हाउस के पास रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपटी थी। इस मामले में 27 जुलाई को केस दर्ज किया गया था। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बुधवार देर शाम मुख्य आरोपी शहजाद अली (29 वर्ष) मूल निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बुद्ध विहार, नई दिल्ली को चंद्रबनी रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक शहजाद नशे का आदी है और अपने एक साथी के साथ देहरादून घूमने आया था। नशे की लत पूरी करने के लिए ही उन्होंने सुबह रेकी कर इस स्नेचिंग को अंजाम दिया। आरोपी शहर में किसी दूसरी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
दिल्ली का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी:
आरोपी शहजाद के खिलाफ दिल्ली के राजौरी गार्डन, कीर्तिनगर, नांगलोई, क्राइम ब्रांच और वसंत कुंज सहित विभिन्न थानों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इसके दूसरे फरार साथी की तलाश में जुटी है।

Parvatanchal