सनसनी: किराए के कमरे में मिला पूर्व बैंक मैनेजर का शव, मौके पर मिले इंजेक्शन और दवाइयां
देहरादून(आरएनएस)। राजपुर क्षेत्र में गुरुवार को एक पूर्व बैंक मैनेजर का शव उनके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। शुरुआती जांच में मामला अवसाद और बीमारी से जुड़ा लग रहा है। मृतक की पहचान 47 वर्षीय अखिल सिन्हा मूल निवासी विज्ञान खंड, गोमती नगर, लखनऊ यूपी के रूप में हुई है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि अखिल सिन्हा आईटी पार्क क्षेत्र में एक मकान में किराये पर रहते थे। उनकी पत्नी करीब 5-6 दिन पहले लखनऊ गई हुई थीं। बुधवार से अखिल का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। अनहोनी की आशंका पर पत्नी ने मकान में रहने वाले अन्य किरायेदार मनीष को फोन किया।मनीष ने जब कमरे के बाहर से आवाज लगाई तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। खिड़की से झांकने पर अखिल सोफे पर बेसुध लेटे हुए दिखाई दिए। सूचना पाकर राजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में अखिल अचेत अवस्था में पड़े थे और उनके आसपास कुछ इंजेक्शन व दवाइयां बिखरी हुई थीं। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि अखिल पहले एक बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। कुछ समय पूर्व उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। आर्थिक परेशानियों के कारण वह काफी समय से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहे थे। इसके अलावा उन्हें शुगर की भी गंभीर बीमारी थी। घटना के तुरंत बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ होगी।

