शिकंजा: पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को दबोचा, कब्जे से छह दुपहिया बरामद
देहरादून(आरएनएस)। प्रेमनगर थाना पुलिस ने दो वाहन चोर गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के छह दुपिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की इन वारदातों को अंजाम देते हैं। पकड़े गए दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे। वे चोरी किए गए वाहनों को राज्य से बाहर ले जाकर बेचने की फिराक में थे। इंस्पेक्टर प्रेमनगर नरेश राठौर ने बताया कि बीते 25 जुलाई को ओम अग्रवाल ने प्रेमनगर कोतवाली में बिधौली से अपनी स्कूटी चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। चेकिंग करते हुए पुलिस टीम ने प्रेमनगर क्षेत्र से दो संदिग्धों को ओम की चोरी की गई स्कूटी के साथ दबोच लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने दून के अलग-अलग स्थानों से पांच अन्य वाहन चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर प्रेमनगर स्थित एक खंडहर से इन वाहनों को बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद (22) निवासी अम्बीवाला और वंश कुमार (20) निवासी विंग नंबर छह, प्रेमनगर के रूप में हुई है। दोनों आपस में दोस्त हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

