कामयाबी: तीस लाख की एमडीएमए और स्मैक के साथ सहारनपुर का तस्कर गिरफ्तार
देहरादून(आरएनएस)। रायपुर थाना पुलिस ने सहारनपुर निवासी तस्कर को गिरफ्तार करते हुए 30 लाख रुपये मूल्य की हाई प्रोफाइल ड्रग एमडीएमए और स्मैक बरामद की है। यह खेप दून की हाईप्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई की जानी थी। आरोपी से यह महंगा नशा खरीदने वाले कई तस्करों के नंबर पुलिस को मिले हैं। जिनके खिलाफ जांच शुरू हो गई है। पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर घटना की जानकारी दी। बताया कि मंगलवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दून में ड्रग की खेप लाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर रायपुर पुलिस ने देर रात अरण्य विहार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक खाली प्लॉट के पास पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 48.55 ग्राम एमडीएमए और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान दानिश पुत्र नजीर अहमद निवासी नागल जिला सहारनपुर, उम्र 32 वर्ष वर्ष के रूप में हुई। एसपी के मुताबिक पूछताछ में आरोपी दानिश ने बताया कि वह यह नशा सामग्री सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था। उसकी योजना इसे देहरादून में आयोजित होने वाली हाईप्रोफाइल पार्टियों में युवाओं को सप्लाई करने की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल कुछ अन्य नामों का भी खुलासा किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अब दबिश देगी।

