उत्पात : बरस्वार गांव में हाथियों ने आम के बगीचे किए तबाह, प्रशासन से लगाई सुरक्षा की गुहार
कोटद्वार(आरएनएस)। जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम बरस्वार में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण दहशत में हैं। सोमवार सुबह एक हाथी गांव के जमरानी तोक में पहुंच गया और ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र सिंह के घर के समीप स्थित बगीचे में घुसकर आम के कई फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय है। लोग खेतों व बगीचों में जाने से हिचक रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही है। इससे फसलों और बागवानी को नुकसान पहुंचने के साथ ही जनहानि की आशंका भी बनी हुई है। ग्राम प्रधान दिनेश चंद्र सिंह, पूर्व उपप्रधान महेंद्र सिंह असवाल, शोभा रावत और अंकित रावत ने लैंसडौन वन प्रभाग के रेंज अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों से ग्रामीणों व उनकी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, लैंसडौन रेंज अधिकारी राकेश शाह ने बताया कि बरस्वार गांव कार्बेट टाइगर रिजर्व (केटीआर) से सटा हुआ है। इससे हाथी अक्सर जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि वनकर्मियों को क्षेत्र में लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

