दहशत: राजकीय आवासीय परिसर में हाथी मचा रहे उत्पात, कार्बेट पार्क प्रशासन से सुरक्षा की गुहार

दहशत: राजकीय आवासीय परिसर में हाथी मचा रहे उत्पात, कार्बेट पार्क प्रशासन से सुरक्षा की गुहार
Spread the love

कालागढ़ (आरएनएस)।  यहां की रामगंगा बांध परियोजना की आवासीय काॅलोनियों मेंं हाथियों के उत्पात मचाने से कर्मचारियों के जीवन पर संकट मंडराने लगा है। सिंचाई विभाग की ओर से कार्बेट टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से सुरक्षा इंतजाम के लिए कहा गया है। रामगंगा बांध परियोजना की आवासीय कालोनियों में कार्बेट टाइगर रिजर्व के हाथियों के उत्पात से परेशान सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के जीवन पर संकट नजर आने लगा है। इससे पहले कि कोई अनहोनी हो, शिविर प्रबंध खंड के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार ने कार्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक को पत्र लिखकर कहा है कि बांध परियोजना की आवासीय कालोनी के दक्षिणी इलाके में हाथी व बाघ लगातार आ रहे हैं। जलविद्युत उत्पादन निगम के कार्यालय परिसर की तारबाड़ तोड़कर हाथी सिंचाई विभाग के आवासीय क्षेत्र में आ रहे हैं। अधिशासी अभियंता ने कहा कि हाथियों को उत्तरी इलाके के वनों में ही रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। अब हाथी वाहनों के पीछे भी दौड़ रहे हैं। इसके अलावा कालागढ़ में सेवा कर रहे अधिकारियों व कर्मियों को भी चेताया गया है कि हाथी/बाघ के आवासीय क्षेत्र में प्रवेश करने पर सतर्क रहें। वहीं, कालागढ़ के वन क्षेत्राधिकारी एनके रूवाली का कहना है कि कालागढ़ की काॅलोनियों में वन्यजीवों के आने पर लगातार गश्ती दल सतर्क होकर वन्यजीवों की निगरानी कर रहे हैं। मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति पैदा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

Parvatanchal