दहशत: गुलदार ने गोशाला में घुसकर बैल को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत
बागेश्वर(आरएनएस)। ग्राम मजबे में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात ऐसे हो गए हैं कि ग्रामीण खुद को और अपने पशुधन को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सोमवार शाम करीब आठ बजे गांव के सरपंच दीप जोशी की गोशाला में गुलदार घुस गया और वहां बंधे बैल को मार डाला। पीड़ित दीप जोशी ने बताया कि गांव में लंबे समय से गुलदार और जंगली सूअरों का आतंक बना हुआ है। उन्होंने बताया कि एक वर्ष पूर्व जंगली सूअर ने उनके घर के समीप उन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने कई बार प्रभागीय वनाधिकारी से मिलकर गांव में सोलर लाइट और सुरक्षा फेंसिंग लगाने की मांग की, लेकिन हर बार बजट का हवाला देकर मामला टाल दिया गया।
इसके चलते ग्रामीण आज भी असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जंगली जानवर अब जंगलों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि घरों और गोशालाओं तक पहुंच रहे हैं।इससे पशुपालन और खेती-किसानी पर निर्भर परिवारों की आजीविका पर भी संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने, गांव में सोलर लाइट और फेंसिंग की व्यवस्था करने तथा वन्यजीवों के आतंक से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। इधर, वन क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह करायत ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विभागीय टीम मौके पर भेजी गई है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

