कामयाबी: सेलाकुई में 40 लाख की चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार
विकासनगर(आरएनएस)। थाना सेलाकुई पुलिस ने क्षेत्र में हुई पांच अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान, 3 लाख 90 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी ग्रामीण पंकज गैरौला ने बताया कि सेलाकुई क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना सेलाकुई में पांच अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। सोमवार को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी फिर से सेलाकुई क्षेत्र में किसी वारदात की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विकास पुत्र नाथी राम निवासी झीवर हेडी जयन्तीपुर थाना बिहारीगढ़ सहारनपुर उम्र 21 व सुमित कुमार पुत्र स्व.धर्मसिह निवासी ग्राम हुसैन मलिकपुर थाना बेहट जिला सहारनपुर उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सेलाकुई क्षेत्र में पांच अलग-अलग बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने शंकरपुर, सहसपुर स्थित किराये के कमरे से चोरी का माल और नकदी बरामद की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।

