हादसा: चलते ट्रक से गिरकर चालक की मौत, मौके पर कार्रवाई करते वक्त दो पुलिसकर्मी भी घायल
रुड़की। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी दुर्घटना का शिकार हो गई, जिसमें एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह नारसन खुर्द स्थित एक रेस्टोरेंट के समीप सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि ट्रक का चालक बंटी जाटव (33) पुत्र सोहनलाल, निवासी ग्राम पला, पोस्ट गंगावली, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) चलते ट्रक से अचानक नीचे गिर गया। गिरने के बाद वह ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक के गिरने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की अस्पताल की मोर्चरी भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने एंबुलेंस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के पीछे खड़े पुलिसकर्मी संहसरपाल सिंह और होमगार्ड लोमस उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया। पुलिस चौकी नारसन प्रभारी आनंद मेहरा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायल पुलिसकर्मी और होमगार्ड का उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

