स्मरण: जनकवि एवं प्रसिद्ध कुमाऊंनी लोक गायक हीरा सिंह राणा को दी गई श्रद्धांजलि
कोटद्वार। उत्तराखंड विकास पार्टी ने जनकवि एवं लोकगायक स्वर्गीय हीरा सिंह राणा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान को याद किया। पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी ने कहा कि स्व. हीरा सिंह राणा का जन्म 16 सितंबर, 1942 को अल्मोड़ा जिले के मनीला क्षेत्र स्थित डंढोली गांव में हुआ था। लंबी बीमारी के बाद 13 जून 2020 को दिल्ली में उनका निधन हुआ। उनकी मधुर आवाज और लोकसंस्कृति से जुड़े गीतों ने उन्हें आकाशवाणी और दूरदर्शन के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाई। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान उनके गीतों ने लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया। उनका चर्चित गीत ‘त्यार पहाड़, म्यार पहाड़’ आज भी पहाड़ की वेदना और पलायन की समस्या को जीवंत रूप से प्रस्तुत करता है।

