संदेहास्पद: बाजपुर में संदिग्ध हालात में 11 वर्षीय मासूम ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
काशीपुर। चकरपुर गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव की 11 वर्षीय एक बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकी मिली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चकरपुर गांव में एक नाबालिग बच्ची ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि बच्ची को फंदे पर लटका देख तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार बच्ची पिछले लगभग 15 दिनों से अस्वस्थ चल रही थी। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। एसएसआई विक्रम धामी ने बताया कि परिवार में केवल तीन सदस्य रहते हैं। मृतका के पिता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। घटना के समय पिता काम पर गए हुए थे और मां पास की दुकान से सामान लेने गई थीं। घर में बच्ची अकेली थी।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसआई विक्रम धामी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

