आयोजन: सोमवार से शुरू होगा भाकियू (टिकैत) का चार दिवसीय किसान कुंभ, जुटेंगे 50 हजार किसान

आयोजन: सोमवार से शुरू होगा भाकियू (टिकैत) का चार दिवसीय किसान कुंभ, जुटेंगे 50 हजार किसान
Spread the love

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का किसान कुंभ प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लाल कोठी के पास होना है। जिसमें अन्य किसान संगठनों से भी अधिक संख्या भाकियू (टिकैत) की होती है। किसान कुंभ में देश के भिन्न भिन्न प्रदेशों से किसान पहुंचेंगे। उनके रहने, खाने की व्यवस्था के लिए किसान संगठन के साथ-साथ सिक्ख समाज भी लंगर में सहयोग करता है। भाकियू (टिकैत) का किसान कुंभ 15 से 18 जून तक होना है। इसी दौरान सोमवती अमावस्या का बड़ा स्नान भी है। लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरकी पैड़ी पर स्नान के लिए पहुंचेंगे। वहीं पचास हजार से अधिक संख्या में किसान भी किसान कुंभ में पहुंचेंगे।अधिकतर किसान ट्रेन और बस द्वारा कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। ऐसे में प्रशासन के सामने स्नान में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ साथ किसानों को संभालने की चुनौती रहेगी। शनिवार से ही वाहनों का जाम लगना शुरू हो गया है। किसान कुंभ को सफल बनाने के लिए भाकियू (टिकैत) के पदाधिकारी प्रशासन से तालमेल बनाकर चल रहे हैं। गढ़वाल अध्यक्ष संजय चौधरी ने बताया कि लगभग 50 हजार से अधिक संख्या में किसान पहुंचेंगे उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है। जिलाधिकारी, एसडीएम, नगर निगम, सिटी मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, पुलिस प्रशासन आदि को इसकी जानकारी दे दी गई है। किसानों के लिए मेडिकल, भोजन, रहने और सुरक्षा की व्यवस्था का पूरा इंतजाम कर लिया गया है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत, राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सहित प्रदेश अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, प्रभारी और किसान उपस्थित रहेंगे। श्री गुरु नानक देव धर्म प्रचार समिति संरक्षक बाबा पंडत ने बताया कि चार दिन लगातार 24 घंटे किसानों के लिए लंगर सेवा की जाएगी। रोजाना हजारों किसानों के लिए लंगर बनाया जाएगा। अध्यक्ष सूबा सिंह ढिल्लों ने बताया कि संस्था के सदस्य दिन रात सेवा में हाजिर रहेंगे। पिछले वर्ष भी लंगर सेवा की गई थी। किसान देश के अन्नदाता हैं और सिक्ख समाज उनकी सेवा के लिए तत्पर है।

Parvatanchal