संदेहास्पद: सुबह तड़के घर से निकल कर लापता हो गई किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस टीम

संदेहास्पद: सुबह तड़के घर से निकल कर लापता हो गई किशोरी, तलाश में जुटी पुलिस टीम
Spread the love

 

श्रीनगर (गढ़वाल)। नगर क्षेत्र से एक किशोरी (15) के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी सोमवार तड़के घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे। उसका कहीं पता नहीं चला तो पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि किशोरी सुबह करीब चार बजे घर से निकलती हुई दिखाई दी। इसके बाद उसके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज करवाते समय पुलिस को बताया कि किशोरी की दोस्ती क्षेत्र के एक किशोर (16) से भी थी। पुलिस ने किशोर से भी पूछताछ की है। वहीं समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी ने भी पुलिस से शीघ्र किशोरी की तलाश करने की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को लगाया गया है।
हादसे में गंगा में लापता हुए मां-बेटी के शव मिले
उधर,  देवप्रयाग के समीप बीते दो जून को हुए इनोवा कार हादसे के बाद गंगा नदी के तेज बहाव में लापता हुई मां-बेटी के शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिए हैं। इस हादसे के बाद से ही प्रशासन और आपदा राहत दल लगातार नदी में लोगों की खोज में जुटे हुए थे। देवप्रयाग कोतवाल ने बताया कि आपदा राहत दल की ओर से दोनों शव अलग-अलग स्थानों से निकाला गया। इनमें गुड्डी देवी (40) का शव गंगा में व्यास घाट के पास मिला जबकि उनकी बेटी नम्रता (20) का शव ताज होटल के समीप मिला। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस भीषण हादसे की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी थमा नहीं है। कार दुर्घटना के बाद गंगा की लहरों में बहे दो अन्य पर्यटकों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

Parvatanchal