आफ़त: भारी बारिश के चलते कोटद्वार-दुगड्डा के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और बोल्डर गिरे
कोटद्वार। बारिश होने से कोटद्वार-दुगड्डा के बीच कई जगह रविवार को भूस्खलन होने के साथ बोल्डर गिरे। वहीं दुर्गा देवी मंदिर के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने से 20 मिनट तक हाईवे से आवाजाही बाधित रही। दुगड्डा नगर क्षेत्र से गुजरने वाले पौड़ी नेशनल हाईवे व धुमाकोट मार्ग पर बारिश के दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। शनिवार शाम दुर्गादेवी के समीप दरकती पहाड़ी से पत्थर और मलबा राजमार्ग पर आ गिरा जिससे करीब 20 मिनट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि प्रशासन के पहुंचने से पहले ही मार्ग पर यातायात सुचारू हो गया था। पांचवें मील और दुर्गा देवी मंदिर के बीच भी तीन अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन हुआ। बीते दो दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण राजमार्ग पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई स्थानों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। करीब दो घंटे तक स्थिति गंभीर बनी रही। जमणिया से चूनाधारा तक लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कमला नेहरू वार्ड, मोती बाजार और धनीराम बाजार में जलभराव हो जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से चूनाधारा तक जल निकासी के लिए पूर्व में बनाए गए स्कपर रखरखाव के अभाव और आसपास हुए निर्माण कार्यों के कारण बंद पड़े हैं। इसके चलते बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
‘दुर्गादेवी के पास गिरे बोल्डर और मलबे को जेसीबी की मदद से हटा दिया गया है। नगर क्षेत्र में बंद पड़े स्कपरों को एक सप्ताह के भीतर खोलने की कार्रवाई की जाएगी और राजमार्ग पर हुए अतिक्रमण को भी चिह्नित किया जाएगा।’
– आशीष सैनी, जेई एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट

