सनसनी: लापता किशोरी का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

सनसनी: लापता किशोरी का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद, जांच में जुटी पुलिस
Spread the love

रुड़की।  थाना क्षेत्र के एक गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई किशोरी का शव शनिवार शाम मोहम्मदपुर झाल से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी 27 मई को खेत में काम करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर किशोरी की बरामदगी की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच शनिवार शाम मोहम्मदपुर झाल से किशोरी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि किशोरी के पिता का कई वर्ष पूर्व निधन हो चुका था और परिवार में उसकी मां ही थी। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि किशोरी का शव मोहम्मदपुर झाल से बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में तीन युवकों पर केस
दूसरी तरफ, शहर में चाऊमीन खाने दुकान पर जा रहे एक युवक पर तीन युवकों ने रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी सुरेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम उनका बेटा राहुल दुकान पर चाऊमीन खाने जा रहा था। इस बीच रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर दी। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से एक युवक ने चाकू से हमला कर बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कराया गया। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभिषेक उर्फ पटवारी निवासी निवासी रुड़की और दो अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Parvatanchal