आक्रोश: बदहाल सड़क के सुधारीकरण लिए सड़क पर उतरे ग्रामीण, प्रदर्शन के ज़रिए जताई नाराज़गी
उत्तरकाशी। ग्राम पंचायत उपराड़ी, साड़ा और चक्र गांव को जोड़ने वाले बदहाल मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय बड़कोट पहुंचकर जुलूस निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि बड़कोट-चक्र गांव-उपराड़ी-साड़ा मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ा है। करीब पांच किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों के बंद होने से सड़क की स्थिति और भी खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बदहाल सड़क पर दुपहिया वाहन चालक कई बार चोटिल हो चुके हैं। यह मार्ग नगर पालिका क्षेत्र के साथ-साथ साड़ा और उपराड़ी गांव को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है लेकिन इसकी हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। सड़क खराब होने से स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में संचालित होमस्टे, होटल और रिजॉर्ट तक पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों को भी भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है, जिससे पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से सड़क सुधारीकरण की मांग की जा रही है लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। प्रदर्शनकारियों में उपराड़ी गांव के पूर्व प्रधान शांति प्रसाद बेलवाल, ग्राम प्रधान रीता, ग्राम प्रधान साड़ा नत्थी सिंह नेगी, सभासद सचिन राणा, इं. रमेश रावत, किशन सिंह, शंकर प्रसाद मौजूद रहे।

