आतंक: शहर में लावारिस कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोग त्रस्त, एक हफ्ते में काट चुके हैं डेढ़ सौ लोगों को

आतंक: शहर में लावारिस कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोग त्रस्त, एक हफ्ते में काट चुके हैं डेढ़ सौ लोगों को
Spread the love

 

कोटद्वार।  गर्मी बढ़ने के साथ ही लावारिस कुत्तों के हमले भी बढ़ते जा रहे हैं। हालांकि अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) तो उपलब्ध है लेकिन कुत्तों के बढ़ते हमले हर किसी के लिए चिंता का कारण बना है। सोमवार को कुत्तों के हमले में घायल हुए 20 लोग एआरवी लगवाने के लिए अस्पताल पहुंचे। मरीजों की काफी भीड़ होने के चलते घायलों की कतार लगी रही। उनका कहना था कि गर्मी बढ़ने के साथ कुत्तों के हमले भी बढ़ते जा रहे हैं। कुछ सार्वजनिक जगहों पर मौजूद पांच से छह कुत्तों के झुंड किसी राहगीर को अकेला पाकर हमलावर हो रहे हैं। कुछ जगहों पर खूंखार कुत्ते अचानक से झपटकर वाहनों के पीछे दौड़ रहे हैं। पदमपुर मार्ग पर कुत्तों से बचाव करते हुए एक बाइक सवार गिर भी चुका है।
इंजेक्शन कक्ष प्रभारी डीएस नेगी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से हर दिन अस्पताल में एआरवी के लिए घायलों की लाइन लग रही है। उन्होंने बताया कि 11 मई को 32, 12 मई को 18, 13 मई को 22, 14 मई को 19, 15 मई को 11, 16 मई को 14 और 18 मई को 20 मरीज एआरवी की पहली डोज लगवाने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त एआरवी उपलब्ध हैं।

ये स्थान बने हैं संवेदनशील:  रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड, चंद्र मोहन सिंह नेगी बेस अस्पताल, जीआईसी, लकड़ी पड़ाव, पदमपुर रोड व देवी रोड समेत कई जगहों पर लावारिस कुत्तों का आतंक पसरा है।

एनीमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी सेंटर) इसी महीने बनकर तैयार हो जाएगा। कुत्तों को यहां लाकर उनकी नसबंदी करने के साथ ही उपचार भी किया जाएगा। कहीं कुत्तों के हमले या उनसे परेशानी बढ़ गई हो तो नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 7579476028 पर सूचना दी जा सकती है। बचाव के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

-पीएल शाह, नगर आयुक्त कोटद्वार

Parvatanchal