संदेहास्पद: किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला पेंटर का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के बिठौरिया में किराये पर रहने वाले एक पेंटर ठेकेदार की लाश उसके कमरे में फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद घटना की जांच शुरू कर दी है। मूल रूप से नवाबगंज, बरेली यूपी और हाल बिठौरिया नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय राजेश मौर्य पेशे से पेंटर था और ठेकेदारी भी करता था। वह यहां एक टिनशेड में किराये का कमरा लेकर रहता था। पड़ोस में ही कुछ दूरी पर उनका बड़ा भाई और पिता रहते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को काफी देर तक राजेश कमरे से बाहर नहीं आया तो बड़ा भाई धमेंद्र मौर्य उसके कमरे की तरफ आया। खिड़की से झांका तो राजेश फंदे पर लटका दिखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मुखानी पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि मामला काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र का है। कुछ देर बाद दमुवाढूंगा चौकी प्रभारी समेत पुलिस टीम यहां पहुंची। मृतक के पिता मिही लाल मौर्य का आरोप है कि उनके बेटे के पैर में चोट के निशान हैं। उसके कपड़ों में मिट्टी लगी है, जबकि उसका पेंट से संबंधित काम था। पिता और बड़े भाई ने साजिशन हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि परिजन अगर आरोप लगाकर तहरीर देते हैं तो जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर फॉरेसिंक टीम ने साक्ष्य संकलित किए हैं। आसपास के लोगों से भी मामले में पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो पाएगी।

