बड़ी ख़बर: दिल्ली में जज अमन कुमार शर्मा ने किया सुसाइड, फंदे से लटका मिला शव

Spread the love

 

नई दिल्ली।  राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सफदरजंग इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 35 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद न्यायिक और कानूनी जगत में शोक की लहर फैल गई है।

दोपहर में मिली सूचना

दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे मिली। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना परिवार के किसी सदस्य द्वारा दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

फंदे से लटका मिला शव

प्रारंभिक जांच में जज अमन कुमार शर्मा का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सुसाइड नोट नहीं मिला, कारण स्पष्ट नहीं

घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। इस अचानक हुई मौत ने दिल्ली के न्यायिक समुदाय को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Parvatanchal