संदेहास्पद: यूकेलिप्टस के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

संदेहास्पद: यूकेलिप्टस के पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Spread the love

 

रुद्रपुर। यूपी सीमा से लगे गांव वनगवां में मंगलवार सुबह एक युवक का शव यूकेलिप्टस के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम वनगवां निवासीश 23 वर्षीय हीरा सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह का शव मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ से फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने शव देख तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने शव को नीचे उतार लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार, हीरा सिंह सोमवार रात भोजन के बाद किसी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 11 बजे उसने पिता के फोन पर कॉल कर मां से बात करने की इच्छा जताई, लेकिन पिता ने कॉल काट दिया और फोन फ्लाइट मोड पर डालकर सो गए। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पिता मौके पर पहुंचे और पुत्र का शव देख बदहवास हो गए। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। मृतक अपने पीछे मां छमिदर कौर और बहनें ज्योति कौर व सुमन कौर को रोता-बिलखता छोड़ गया है। सत्रहमील चौकी प्रभारी एसआई ललित सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Parvatanchal