शातिर दिमाग: मोबाइल हैक कर व्यापारी के खाते से उड़ा दिए आठ लाख रुपये, मुकदमा दर्ज़
देहरादून। साइबर ठगों ने एक व्यापारी का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते से आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। ठगों ने महज आठ मिनट के भीतर दो ट्रांजेक्शन के जरिये वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर सोमवार को शहर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्वामी विद्यानंद मार्ग, लक्ष्मण चौक निवासी राकेश मित्तल की हनुमान चौक पर लक्ष्मी शुगर ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फर्म है। उनका पंजाब नेशनल बैंक में कंपनी के नाम से खाता है। राकेश मित्तल ने शहर कोतवाली पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया कि बीते 25 अप्रैल की शाम को साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद उनके नंबर पर आए ओटीपी को एक्सेस कर उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी। ठगों ने शाम 7:39 बजे पहली बार में तीन लाख रुपये और ठीक आठ मिनट बाद पांच लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। पीड़ित को रकम कटने का पता लोगों ने उन्होंने बैंक खाता लाक कराया और पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई, उनकी जांच की जा रही है।

