धोखाधड़ी: निवेश के नाम पर ठग लिए आठ लाख रुपए, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज़
रुड़की। सुरक्षित भविष्य के लिए निवेश करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। एक कंपनी के लुभावने जाल में फंसकर पीड़ित ने अपने जीवन की बड़ी पूंजी गंवा दी है। मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलौर के मोहल्ला टोली निवासी शादाब अली ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि सितंबर 2024 में सेनेमी कॉन्सलटिंग प्राईवेट लिमिटेड नामक कंपनी के एजेंटों और संचालकों ने मोबाइल और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिये उनसे संपर्क साधा था। आरोप है कि विजय, मुकर्रम, सोनू और अभिषेक नाम के व्यक्ति उनके घर पहुंचे और उन्हें यकीन दिलाया कि यदि वह उनकी कंपनी में निवेश करते हैं तो मात्र 16 महीनों में उनकी रकम ढाई गुना हो जाएगी। आरोपियों के बहकावे में आकर उन्होंने नौ सितंबर 2024 को उन्होंने आठ लाख पांच हजार का चेक कंपनी के नाम सौंप दिया था।

