शर्मनाक: पड़ोसी महिला ने भीख मंगवाने के लिए किया था किशोरी का अपहरण, कर्नाटक से हुई बरामद
रुड़की। कलियर से अपहरण की गई किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग को कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी पड़ोसी महिला किशोरी को कपड़े खरीदवाने के बहाने रुड़की से अपने साथ ले गई थी। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि पीड़िता की मां, जो गरीब और बीमार है। वह भीख मांगकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। 10 अप्रैल को पीड़ित किशोरी की मां ने थाना पिरान कलियर में शिकायत दर्ज कराई कि नौ अप्रैल को उसकी 14 वर्षीय बेटी को पड़ोस में रहने वाली महिला बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है।
थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस को कई ऐसी बातें सामने आई, जिससे मामला बेहद गंभीर नजर आया। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल की अगुवाई में पूरा ऑपरेशन चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और संदिग्ध महिला और बच्ची के मोबाइल नंबर ट्रेस किए। लोकेशन दिल्ली, लखनऊ, मध्यप्रदेश होते हुए अंत में बैंगलोर (कर्नाटक) में मिली। 16 अप्रैल को पुलिस टीम कर्नाटक पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
